Gold Rate Hike : नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक (Geopolitical) तनाव के कारण सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है। सुरक्षित निवेश के रूप में सोने और चांदी की मांग बढ़ने से इनकी कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई है। दिल्ली सराफा बाजार में सोने की कीमतों में स्थिरता के बाद एक बार फिर बढ़त का दौर शुरू हो गया है, जिससे खरीदारों की जेब पर बोझ बढ़ना तय है।
Gold Rate Hike : पिछले दो दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत में बीते दो दिनों के भीतर प्रति 10 ग्राम पर कुल ₹2,410 का इजाफा हुआ है। वहीं, आभूषण बनाने के काम आने वाले 22 कैरेट सोने के भाव में भी ₹2,210 की मजबूती आई है। आज 6 जनवरी को भी कीमतों में बढ़त का सिलसिला जारी रहा, जिससे सोना अब अपने नए उच्च स्तर की ओर बढ़ रहा है।
चांदी की बात करें तो इसकी चमक सोने से भी कहीं अधिक तेज नजर आ रही है। दिल्ली में महज दो दिनों के भीतर चांदी की कीमत में ₹7,100 प्रति किलोग्राम की भारी बढ़त दर्ज की गई है। फिलहाल दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में चांदी ₹2,48,100 प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। वहीं, चेन्नई में चांदी की कीमतें सबसे ज्यादा हैं, जहां ग्राहकों को एक किलो चांदी के लिए ₹2,66,100 खर्च करने पड़ रहे हैं।