चारामा: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुरी में 15 जनवरी को छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘सरस्वती सायकल योजना’ के अंतर्गत वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा नौवीं की 16 छात्राओं को मुख्य अतिथि हेमेंद्र बंटी ठाकुर (जिला अध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा, जिला कांकेर) के करकमलों से साइकिलें प्रदान की गईं। इस अवसर पर सत्र का अंतिम पालक-बालक सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था की प्राचार्य श्रीमती योगिनी सुधाकर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए पालकों से विशेष निवेदन किया कि वार्षिक परीक्षा का समय नजदीक है, इसलिए वे अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य अतिथि हेमेंद्र बंटी ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए एक लक्ष्य निर्धारित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने शासन की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रदेश सरकार छात्राओं को सशक्त बनाने और उनकी शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साइकिल वितरण का उद्देश्य यही है कि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा हो, समय की बचत हो और वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर ध्यान दे सकें। उन्होंने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को ग्राम सरपंच दीपक गावड़े ने भी संबोधित किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर पूर्व सरपंच राधादेवी ठाकुर, बलराम ठाकुर, गोविंद ठाकुर, रविशंकर दररो, बी.एस. ठाकुर सहित व्याख्याता यू.के. देशमुख, धनंजय जैन, एन.आर. निषाद, नोहर धनकर और विनोद ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल के समस्त स्टाफ और पालकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का सफल संचालन पी.टी.आई. विनोद सेन द्वारा किया गया।