रमेश गुप्ता
भिलाई । दुर्ग जिले के भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में घर से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी एम. नचैय्या, निवासी भिलाई भट्ठी ने 21 जनवरी 2026 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जनवरी 2026 को उनके घर से करीब 8.59 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान संदेह उनकी पुत्री पर गया, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी एम. श्यामला (26 वर्ष), निवासी सड़क 11, सेक्टर-2, भिलाई भट्ठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए आभूषणों का एक हिस्सा फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर पैसे प्राप्त किए गए, जबकि शेष आभूषण अपने पास रखे गए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 7 तोला सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला घरेलू विश्वास का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने से जुड़ा है।