सीएमए फाइनल परीक्षा में दुर्ग के गौरव शर्मा ने किया प्रदेश टॉप, देश में हासिल किया 32वां स्थान

रायपुर: इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित सीएमए फाइनल परीक्षा के परिणामों में छत्तीसगढ़ के गौरव शर्मा ने शानदार सफलता हासिल की है। दुर्ग निवासी गौरव शर्मा ने 519 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम और राष्ट्रीय स्तर पर 32वां स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

गौरव शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनके पिता शिव चरण शर्मा और माता छाया शर्मा ने गौरव की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। गौरव ने बताया कि उन्हें इस क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा अपने मामा अजय कुमार शर्मा से मिली, जो स्वयं एक कॉस्ट अकाउंटेंट हैं और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में उप महाप्रबंधक (वित्त) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।

अपनी तैयारी के बारे में जानकारी देते हुए गौरव ने बताया कि उन्होंने परीक्षा के लिए निरंतर अध्ययन और सभी विषयों के नियमित रिवीजन पर जोर दिया। उन्होंने सभी आठों विषयों के मॉक टेस्ट देकर अपनी तैयारी को मजबूत किया। भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए गौरव ने कहा कि वे वर्तमान में चार्टर्ड अकाउंटेंट और सिविल सर्विस परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हुए हैं।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *