अम्बिकापुर :अम्बिकापुर के थाना गांधीनगर पुलिस ने सूने मकान में हुई बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए तीन शातिर चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक ज्वेलरी शॉप संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा की गई।
जगन्नाथपुरी दर्शन करने गया था परिवार, पीछे से हो गई चोरी
मामले का विवरण देते हुए प्रार्थी अनिल कुमार दास (निवासी बिशुनपुर खुर्द) ने बताया कि 4 फरवरी 2026 को उनका पूरा परिवार घर में ताला लगाकर जगन्नाथपुरी दर्शन करने गया था। 5 फरवरी को उनके बड़े भाई ने फोन पर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। जब प्रार्थी वापस लौटा, तो देखा कि मेन गेट और अलमारी का लॉक टूटा था। अलमारी से सोने की चेन, बच्चों के चांदी के कड़े, सोने का लॉकेट, नथनी, अंगूठी और पायल समेत करीब 1.30 लाख रुपये का सामान और नकदी गायब थी।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, नाले के पास मिला सामान
पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
अतुल तिग्गा उर्फ अक्की (20 वर्ष), निवासी विशुनपुर खुर्द।
सत्यादीप तिग्गा उर्फ टका (21 वर्ष), निवासी विशुनपुर खुर्द।
राजा लकड़ा (20 वर्ष), निवासी विशुनपुर खुर्द।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोरसीडबरा नाला के पास से चोरी का सामान बरामद किया।
चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी सलाखों के पीछे
पूछताछ के दौरान चोरों ने बताया कि उन्होंने चोरी के कुछ जेवर ब्रह्म रोड स्थित ज्वेलरी दुकान के संचालक कमल सोनी (52 वर्ष) को बेचे थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कमल सोनी को हिरासत में लिया। आरोपी ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। सभी चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।