Editor-in-Chief सुभाष मिश्र की कलम से – मोदी की गारंटी और 400 पार का एजेंडा

Editor-in-Chief सुभाष मिश्र

-सुभाष मिश्र

जाने-माने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में एक दर्शक ने पूछा कि आप मोदी और राहुल दोनों के साथ काम कर चुके हैं, आप इन नेताओं की सबसे बड़ी ताकत किसे मानते हैं तो प्रशांत ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के पास संघ के कार्यकर्ता के रूप में पूरे देश में घूम-घूमकर लोगों से बहुत करीब से मिलने का उनसे रिश्ते बनाने का अनुभव है, फिर संगठन में काम करने का फिर मुख्यमंत्री रहने फिर प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल। देश की राजनीति में इतना विशद और जमीनी अनुभव रखने वाला नेता खोजना बहुत मुश्किल है। इसकी एक बानगी एक बार फिर देश की सबसे बड़ी पंचायत में दिखी। जब राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। चुनाव से पहले उन्होंने इस अवसर को भुनाने में कोई चूक नहीं की, बल्कि देश के विपक्ष की बदहाली के लिए उन्होंने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए इस बार भाजपा को 370 सीट और एनडीए को 400 पार पहुंचाने की अपील कर दी।
इस दौरान उन्होंने देश को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का सपना दिखाया। उन्होंने कहा कि आज हम 5 वें स्थान पर हैं लेकिन इस पर विपक्ष मौन है। पंडित नेहरू के एक पुराने भाषण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हमेशा इस देश के सामथ्र्य पर संदेह रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद में उलझकर रह गई है।
हमारे लिए नेशन फस्र्ट है। मैं सभी राजनीतिक दलों से सभी सदस्यों से अपील करता हूं-देश से बढ़कर कुछ नहीं। कंधे से कंधा मिलाकर हम देश के निर्माण के लिए आगे बढ़ें। मैं आपका साथ मांग रहा हूं। मैं विश्व के अंदर जो अवसर आया है, उसे भुनाने के लिए आपका साथ चाहता हूं। यहां पर इस बात का जिक्र जरूर होनी चाहिए कि पीएम मोदी ने देश के नौजवानों से वैश्विक हालात से जोडऩे की कोशिश की है। उनके कार्यकाल में देश के नौजवानों को दुनियाभर में जाने और अपना हुनर दिखाने की प्रेरणा मिली है। एक कुशल नेता वही होता है जो विकास और न्याय, समृद्धि के साथ ही समाज की सोच में बदलाव लाता है। आज के दौर में मोदी इन कसौटियों पर सफल नजर आ रहे हैं।
ईडी की कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल के बीच मोदी ने ईडी के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमने पहले के मुकाबले दो गुना से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में ईडी ने पांच हजार करोड़ की संपत्ति को पकड़ा था। हमारे कार्यकाल में ईडी ने एक लाख करोड़ की संपत्ति जब्त की है। जिनका इतना माल पकड़ा जाता है। नोटों के ढेर पकड़े जाते हैं। देश नोटों के ढेर देखकर चौंक गया है।
पीएम मोदी ने कहा नारी शक्ति ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही है। आज महिला स्वयं सहायता समूह से 10 करोड़ बहनें जुड़ी हैं। आज देश में करीब-करीब 1 करोड़ लखपति दीदी बनी हैं। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस कर्पूरी ठाकुर ने पूरा जीवन लोकतंत्र के सिद्धांतों, संविधान की मर्यादाओं के लिए खपा दिया, उनका अपमान करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया था। मोदी ने संसद में संबोधन के दौरान राम मंदिर, धारा 370, युवाओं को अवसर जैसे कई मुद्दों पर बात रखी। महंगाई को कांग्रेस के साथ जोड़ा। उन्होंने कहा कि दुनिया में दो युद्ध चला फिर भी महंगाई नियंत्रण में रखना बड़ी बात है। पीएम मोदी ने कई सफलता और विषयों पर खुलकर कहा कि ये कोई ख्याली पुलाव नहीं मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा, आप (विपक्ष) लोग जिस तरह से इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं कि ईश्वर रूपी जनता-जनार्दन आपको जरूर आशीर्वाद देगी। आप जिस ऊंचाई पर हैं, उससे भी ऊंचाई पर जाएंगे और दर्शक दीर्घा में दिखेंगे। पीएम मोदी ने आगे कहा, मैं देख रहा हूं कि आपमें से बहुत से लोग चुनाव लडऩे का हौसला भी खो चुके हैं। मैंने सुना है कि बहुत सारे लोगों ने पिछली बार भी सीट बदली थी, इस बार भी सीट बदलने की फिराक में हैं। मैंने सुना बहुत सारे लोग लोकसभा से राज्यसभा में जाने वाले हैं। स्थितियों का आकलन करके वे अपना रास्ता ढूंढ रहे हैं। इस तरह उन्होंने अपने कार्यकाल की कामयाबियों को गिनाते हुए 400 पार का एजेंडा जरूर सेट कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MENU