बिलासपुर। नए साल के पहले दिन एक जनवरी से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। नई समय-सारिणी के अनुसार पैसेंजर और एक्सप्रेस सहित कुल 63 ट्रेनों के परिचालन समय में 5 से 25 मिनट तक का संशोधन किया गया है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि ट्रेनों की गति बढ़ाकर परिचालन समय की बचत की गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
यात्री संबंधित रेलवे स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की अधिकृत वेबसाइट से ट्रेनों के नए समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हर वर्ष विभिन्न स्टेशनों पर इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य किए जाते हैं, जिसके चलते एक जनवरी से ट्रेनों की नई समय-सारिणी लागू की जाती है।
प्रशासन ने बताया कि इन सुधार कार्यों के कारण कई सेक्शनों में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन समय में 10 से 25 मिनट तक, जबकि पैसेंजर ट्रेनों में 5 से 20 मिनट तक की समय बचत होगी। इससे ट्रेनों की समयपालनता में सुधार आएगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।