डोंगरगढ़ के जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, ग्रामीणों की मेहनत की कमाई लेकर पोस्ट मास्टर फरार

डोंगरगढ़। ग्राम पंचायत जटकन्हार स्थित पोस्ट ऑफिस में करोड़ों रुपये के गबन का बड़ा मामला प्रकाश में आया है। यहां पदस्थ पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी पर करीब आठ गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की जमा राशि हड़पकर फरार होने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि का फर्जीवाड़ा किया है। डोंगरगढ़ पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस पूरे प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब एक युवा किसान अपने खाते से एक लाख रुपये निकालने के लिए मुख्य पोस्ट ऑफिस पहुंचा। वहां जांच के दौरान पता चला कि उसके खाते में जमा तीन लाख रुपये के स्थान पर मात्र तीन हजार रुपये ही शेष हैं। इस घटना के बाद जब अन्य ग्रामीणों ने अपने खातों की पड़ताल की, तो धीरे-धीरे बड़े घोटाले की परतें खुलने लगीं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी आशीष मंडावी पिछले 10 वर्षों से बेलगांव, माड़ीतराई, कटली, धुसेरा, हरणसिंधी, नागतराई, डारागांव और जामरी सहित आठ गांवों के करीब 3000 खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ग्रामीणों को नकली पासबुक जारी कर उसमें जमा राशि की प्रविष्टि कर देता था, लेकिन मूल सरकारी रिकॉर्ड में उस राशि को दर्ज नहीं करता था।

ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आशंका जताई जा रही है कि जांच आगे बढ़ने पर गबन की राशि और भी बढ़ सकती है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और विभाग द्वारा भी आंतरिक जांच की तैयारी की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *