रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन आज सदन की कार्यवाही काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है। सदन की बैठक सुबह प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी, जिसमें विधायक जनहित और विभागीय कार्यों से जुड़े सवाल उठाएंगे। डिप्टी सीएम विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अपने विभागों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देंगे।
प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न महत्वपूर्ण पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विधायक सुनील सोनी और अंबिका मरकाम शासन का ध्यान प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों की ओर आकर्षित करेंगे।
सत्र के दूसरे चरण में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर सामान्य चर्चा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही सभापति विक्रम उसेंडी समिति के प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। सदन में विधायक कुंवर सिंह निषाद और सुशांत शुक्ला द्वारा विभिन्न याचिकाएं भी पेश की जाएंगी।
संसदीय कार्य के अंतर्गत वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न समितियों के निर्वाचन से जुड़े प्रस्ताव सदन के समक्ष रखेंगे। वहीं, मंत्री रामविचार नेताम अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के निर्वाचन का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। बजट पर चर्चा शुरू होने के कारण आज सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।