कोरबा में चार सड़क हादसे, दो छात्रों की मौत, चार घायल

Bilaspur Breaking :


कोरबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर चार सड़क हादसे हुए, जिनमें दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। अधिकांश हादसों का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है। गणतंत्र दिवस की सुबह मुकुटधर पांडे महाविद्यालय का एक छात्र ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरबी सिंगिया निवासी समीर रात्रे के रूप में हुई है। सूचना पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

दूसरी घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर की है। ध्वजारोहण कार्यक्रम से लौट रही 10 वर्षीय छात्रा को बोलेरो वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें बोलेरो वाहन दिखाई दिया।

इसके अलावा दो अन्य हादसों में एक थार वाहन अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरा, जबकि दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। इन घटनाओं में दो युवक घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *