अमेरिका के जॉर्जिया राज्य के लॉरेंसविले शहर में कथित पारिवारिक विवाद के कारण हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। मारे गए लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार सुबह हुई इस घटना में घर के अंदर तीन बच्चे मौजूद थे। गोलीबारी के दौरान बच्चों ने अपनी जान बचाने के लिए अलमारी में छिपकर पुलिस को 911 पर कॉल किया। बच्चों की इस सूचना पर पुलिस अधिकारी कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचे। बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें एक परिवार के सदस्य के पास भेज दिया गया है।
संदिग्ध की पहचान अटलांटा के 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। ग्विनेट काउंटी पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान विजय कुमार की पत्नी मीमू डोगरा (43 वर्ष), गौरव कुमार (33 वर्ष), निधि चंदर (37 वर्ष) और हरीश चंदर (38 वर्ष) के रूप में हुई है।
संदिग्ध आरोपी पर चार मामलों में गंभीर हमला, चार मामलों में हत्या, चार मामलों में दुर्भावनापूर्ण हत्या, बच्चों के प्रति क्रूरता का एक मामला (पहले दर्जे में) और दो मामले (तीसरे दर्जे में) दर्ज किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भारतीय दूतावास, अटलांटा ने एक्स पर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और लिखा कि कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी इस दुखद गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक भी पीड़ित था। दूतावास ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।