बिलासपुर। जिले में शातिर चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीते गुरुवार और शुक्रवार के दौरान मात्र 48 घंटों के भीतर चोरों ने जिला न्यायालय, सीवी रमन कॉलेज और भीड़भाड़ वाले सरकंडा क्षेत्र से तीन मोटरसाइकिलें और लालखदान से एक पिकअप वाहन पार कर दिया। संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालखदान से पिकअप की चोरी
तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालखदान निवासी अशरफ हुसैन की पिकअप गाड़ी (सीजी 10 सी 3658) घर के बाहर से चोरी हो गई। पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब परिवार के सदस्य नमाज के बाद बाहर निकले, तो वाहन गायब मिला। चोरी हुए इस पुराने पिकअप की अनुमानित कीमत सवा लाख रुपये बताई जा रही है।
जिला न्यायालय परिसर से बाइक गायब
रतनपुर क्षेत्र के ग्राम सिंघरी निवासी किसान रवि इंदुवाकर गुरुवार को अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (सीजी 10 एआर 6841) से जिला न्यायालय पहुंचे थे। उन्होंने गाड़ी को कंपोजिट बिल्डिंग के पास लॉक कर खड़ा किया था और पेशी के लिए अंदर चले गए। लगभग एक घंटे बाद जब वे वापस लौटे, तो उनकी बाइक वहां नहीं थी।
कॉलेज पार्किंग से छात्र की मोटरसाइकिल चोरी
कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन कॉलेज में बी-फार्मेसी के छात्र प्रियेश साहू की पैशन प्लस बाइक (सीजी 10 सीबी 0745) कॉलेज की पार्किंग से चोरी हो गई। छात्र शुक्रवार सुबह 10 बजे गाड़ी खड़ी कर क्लास में गया था, लेकिन शाम को छुट्टी के बाद वाहन अपनी जगह पर नहीं मिला। इस मामले में कोटा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सैलून के बाहर से प्लेटिना पार
सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगोई निवासी अशोक साहू बहतराई रोड स्थित रितेश सैलून में दाढ़ी बनवाने के लिए रुके थे। जल्दबाजी में वे अपनी प्लेटिना बाइक (सीजी 10 एटी 4915) को लॉक करना भूल गए। जब वे सैलून से बाहर निकले, तो सड़क किनारे खड़ी उनकी मोटरसाइकिल गायब हो चुकी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
