श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में घर की पुताई के लिए मिट्टी खोदते समय ढीला मिट्टी ढहने से बड़ा हादसा हुआ। इसमें एक बच्ची की मौके पर मौत हो गई जबकि दो बच्चों की हालत नाजुक है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना विजयपुर थाना इलाके के लक्ष्मण पुरा गांव के पास हुई। बताया गया कि परिवार दीपावली के अवसर पर घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गया था। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायल बच्चों और महिला को विजयपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक बालिका का नाम शिवानी बताया गया है। घायलों में आशिकी और अनुष्का शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।