कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इतवारी बाजार में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि नशे की हालत में पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने तेज रफ्तार कार से एक दुकान को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर गाली गलौज और विवाद की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप कंवर उस कार को चला रहा था, जिस पर पूर्व विधायक रामपुर लिखा हुआ था। तेज रफ्तार कार सीधे एक दुकान में घुस गई, जिससे दुकान को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के साथ आरोपी का विवाद हो गया और उसने कथित तौर पर गाली गलौज भी की।
पुलिसकर्मियों से भी किया अभद्र व्यवहार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कोतवाली थाने ले आई। बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी उसने काफी देर तक हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने अपने पिता का प्रभाव दिखाते हुए पुलिस से कहा कि जो करना है कर लो। इसके बाद वह गाली गलौज करते हुए थाने से ही अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया।
पीड़ित परिवार की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक
बताया जा रहा है कि जिस दुकान को टक्कर मारी गई, उस पीड़ित परिवार की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।