रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता विजय कुमार भतपहरी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के मुख्य सचिव विकासशील और लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
कंवर ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि मुख्य अभियंता भतपहरी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए नियम विरुद्ध तरीके से अपने पसंदीदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया और कमीशनखोरी के जरिए शासन की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि भतपहरी के खिलाफ वर्ष 2011 और 2015 में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के कारण इन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व गृह मंत्री ने पदोन्नति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि पूर्व में हुई डीपीसी बैठकों में कई अधिकारियों के विरुद्ध लंबित महत्वपूर्ण प्रकरणों को छिपाकर उन्हें पदोन्नति का लाभ दिया गया। उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि भतपहरी जब राजनांदगांव संभाग में कार्यपालन अभियंता थे, तब मानपुर-संबलपुर मार्ग निर्माण में स्वीकृत राशि से कहीं अधिक भुगतान किया गया था। मुख्य तकनीकी परीक्षक की जांच में भी करोड़ों रुपये के अतिरिक्त खर्च और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के गुम होने की बात सामने आई थी।
ननकीराम कंवर ने मांग की है कि विजय कुमार भतपहरी को उनके वर्तमान पद से तत्काल हटाया जाए। साथ ही उनके विरुद्ध लंबित सभी मामलों की जांच सीबीआई को सौंपी जाए ताकि विभाग को हुए वित्तीय नुकसान की वसूली की जा सके।