पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का तंज: “छत्तीसगढ़ में धान पर चूहों की गारंटी, 30 करोड़ का नुकसान”

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में धान की गड़बड़ियों और नुकसान को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ ‘चूहों’ के कारण राष्ट्रीय चर्चा में है। उनके मुताबिक ये चूहे इतने भूखे हैं कि राज्य के धान को लगातार कुतर रहे हैं।

भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि ये भूखे चूहे कहाँ से आए हैं – क्या ये नागपुर या गुजरात से आए हैं? उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है, लेकिन स्थानीय चूहे इतने भूखे नहीं हैं। उनके अनुसार, कवर्धा, महासमुंद, जशपुर और अन्य क्षेत्रों में अब तक करीब 30 करोड़ रुपये का धान चूहों ने खा लिया है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इन चूहों को संरक्षण किसने दिया है और क्या यही चूहे राज्य की जल-जंगल-जमीन और हसदेव, तमनार जैसे क्षेत्रों को नुकसान पहुँचा रहे हैं। उनका कहना था कि अगर इन्हें समय रहते पिंजड़ों में नहीं बंद किया गया तो ये चूहे छत्तीसगढ़ को खोखला कर देंगे।

भूपेश बघेल ने इसे “मूषक राज” करार देते हुए कहा कि भाजपा सरकार में इन चूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है और अब छत्तीसगढ़ के सामने इसे रोकने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *