रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन की स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हृदय संबंधी समस्या के चलते उन्हें पिछले महीने बिहार की राजधानी पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले उनके स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा लिया गया था। हालांकि, मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया है। अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और अगले कुछ घंटे उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पुलिस सेवा के 1973 बैच के अधिकारी विश्वरंजन छत्तीसगढ़ के छठवें पुलिस महानिदेशक रहे हैं। वर्ष 2007 में तत्कालीन डीजीपी ओपी राठौर के आकस्मिक निधन के बाद रमन सिंह सरकार ने उन्हें राज्य पुलिस की कमान सौंपी थी। वे लगभग चार वर्षों तक इस महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत रहे।
डीजीपी नियुक्त होने से पहले विश्वरंजन लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो में प्रतिनियुक्ति पर रहे, जहां उन्होंने एडिशनल डायरेक्टर के पद तक सेवाएं दी थीं। वे अपनी कार्यशैली और बौद्धिक क्षमता के लिए पुलिस महकमे में विशेष पहचान रखते हैं। फिलहाल छत्तीसगढ़ और बिहार के प्रशासनिक हल्कों में उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की जा रही है।