छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन का निधन, पटना में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के पूर्व महानिदेशक (डीजीपी) विश्वरंजन का शनिवार रात निधन हो गया। उन्होंने पटना स्थित मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और वहीं उनका इलाज जारी था। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, विश्वरंजन को हृदय संबंधी समस्या के चलते पिछले महीने पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।

छत्तीसगढ़ के छठे डीजीपी रहे विश्वरंजन
विश्व रंजन छत्तीसगढ़ के छठे पुलिस महानिदेशक रहे। वर्ष 2007 में तत्कालीन डीजीपी ओपी राठौर के असामयिक निधन के बाद उस समय की रमन सिंह सरकार ने उन्हें राज्य पुलिस की कमान सौंपी थी। उन्होंने लगभग चार वर्षों तक डीजीपी के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

इंटेलिजेंस ब्यूरो में रहा लंबा अनुभव
1973 बैच के आईपीएस अधिकारी विश्वरंजन को वर्ष 2007 में डेपुटेशन से वापस बुलाकर छत्तीसगढ़ का डीजीपी बनाया गया था। मध्यप्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था, हालांकि 2007 से पहले वे राज्य में पदस्थ नहीं रहे थे।
वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में प्रतिनियुक्ति पर रहे और वहां एडिशनल डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *