मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर रविवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। इस घटना में रोहित शेट्टी बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि जब गोलियां चलीं, तब वह बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर अपने घर के अंदर मौजूद थे। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा गार्ड ने इसे पटाखों की आवाज समझा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद फायरिंग की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के तुरंत बाद जुहू स्थित रेजिडेंशियल टावर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मुंबई पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुणे से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन आनंद मारोटे, आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी, सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, समर्थ शिवशरण पोमाजी और स्वप्निल बंदू सकट के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है ताकि हमले की मुख्य साजिश का खुलासा हो सके।
इस घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर गैंगस्टर शुभम लोंकर के नेटवर्क ने ली है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक संदेश में इस फायरिंग का दावा करते हुए फिल्म उद्योग को चेतावनी दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह नेटवर्क कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हो सकता है। इस धमकी भरे संदेश के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।