रायपुर में आज से पांच दिवसीय प्लेसमेंट कैंप शुरू, 500 से अधिक पदों पर होगी सीधी भर्ती

रायपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा विशेष प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 20 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक कलेक्टोरेट परिसर स्थित गांधी चौक की मल्टीलेवल पार्किंग के चतुर्थ तल पर आयोजित होगा। कैंप का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इस प्लेसमेंट कैंप में टेक्नोटास्क बिजनेस सॉल्यूशंस और आईटीएम एडुटेक इंडिया लिमिटेड द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 12वीं पास से लेकर स्नातक योग्यता रखने वाले युवा हिस्सा ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। यह आयोजन पूरी तरह से निःशुल्क है।

रिक्त पदों और योग्यता का विवरण

टेक्नोटास्क बिजनेस सॉल्यूशंस द्वारा ग्राहक सेवा कार्यकारी के 400 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं या उससे अधिक और आयु 18 वर्ष से ऊपर होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और उनकी पदस्थापना रायपुर में होगी।

इसी तरह आईटीएम एडुटेक इंडिया लिमिटेड द्वारा बिक्री कार्यकारी और संबंध प्रबंधक के 124 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए स्नातक होना अनिवार्य है। चयनित उम्मीदवारों को 26,500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा और उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में की जाएगी।

इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की छायाप्रति, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *