छोटी गलियों में भी पहुँचेगा दमकल, गर्मी में आगजनी से निपटने की बड़ी तैयारी।

सक्ती। गर्मी के मौसम में होने वाली आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सक्ती नगर पालिका ने आधुनिक मशीन से लैस ट्रैक्टर टैंकर दमकल वाहन का लोकार्पण किया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के आग्रह पर वंदना इंडस्ट्रीज द्वारा इस विशेष वाहन को तैयार किया गया है, जिससे वार्डों की संकरी गलियों में भी आग पर समय रहते काबू पाया जा सके।

सकरे रास्तों के लिए रामबाण साबित होगा नया दमकल नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस दमकल वाहन को जनता के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। अक्सर देखा जाता है कि शहर के कई वार्डों में रास्ते बहुत संकरे होते हैं, जहाँ बड़ी फायर ब्रिगेड नहीं पहुँच पाती और छोटी आग बड़ी घटना का रूप ले लेती है। यह नया ट्रैक्टर दमकल वाहन ऐसी गलियों में आसानी से पहुँच जाएगा।

3 मंजिल ऊपर तक बुझा सकेगा आग 5 हजार लीटर की क्षमता वाले इस आधुनिक दमकल वाहन में ऐसी मशीन लगाई गई है, जिससे तीन मंजिल ऊपर तक आग पर काबू पाया जा सकता है। शहरी क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह बेहद प्रभावी होगा।

वंदना इंडस्ट्रीज को दिया धन्यवाद अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि बहुत ही अच्छी तकनीक के माध्यम से इस टैंकर दमकल को बनाया गया है। ऐसी आधुनिक मशीन का निर्माण करने के लिए उन्होंने पूरे नगर पालिका परिवार और नगर वासियों की ओर से वंदना इंडस्ट्रीज को धन्यवाद ज्ञापित किया। लोकार्पण के इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सभी वार्ड पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *