वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अंबिकापुर में प्रबुद्धजनों के साथ सुना केंद्रीय बजट; प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री का जताया आभार

अम्बिकापुर: छत्तीसगढ़ शासन में वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास और पर्यावरण, योजना और आर्थिक एवं सांख्यिकी एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला मुख्यालय अंबिकापुर के सर्किट हाउस में नगर के प्रबुद्धजनों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA), व्यापारिक संगठनों, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहर के बुद्धिजीवी और नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बजट के तकनीकी पहलुओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

बजट श्रवण के पश्चात मीडिया और जनसमूह को संबोधित करते हुए ओ.पी. चौधरी ने कहा कि आज का दिन भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक है। देश की नारी शक्ति का प्रतीक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट प्रस्तुत कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो राजनीतिक स्थिरता आई है, उसी का परिणाम है कि सरकार इतने कड़े और दूरदर्शी निर्णय ले पा रही है।

प्रदेश के संदर्भ में चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने विशेष रूप से रेलवे सेक्टर पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में रेलवे का कायाकल्प हो रहा है और मोदी सरकार के पिछले 11 वर्षों के कार्यकाल में रेलवे बुनियादी ढांचे के लिए पूंजीगत व्यय (Capex) में 22 गुना की अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। यह राज्य के औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और छत्तीसगढ़ के लिए रेलवे का ’स्वर्ण युग’ है।

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को धरातल पर उतारने वाला है। यह केवल एक वर्ष का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को ’विकसित राष्ट्र’ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। पिछले 11 वर्षों में सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा (BPL) से बाहर आए हैं, जो हमारी समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बजट में एआई (AI) मिशन, क्रिटिकल मिनरल्स, वाटरवेज, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और हाई-स्पीड रेलवे जैसे भविष्योन्मुखी विषयों को प्राथमिकता दी गई है। देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूंजीगत व्यय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस शानदार, लोक-कल्याणकारी और भविष्योन्मुखी समावेशी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हृदय से अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम फागेश सिन्हा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : हिंगोरा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *