रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस अभियान के दौरान मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी और संदिग्ध मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत लगभग 24 लाख 99 हजार से अधिक नाम सूची से विलोपित किए गए हैं। अब प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या 1,87,30,914 हो गई है।
आंकड़ों के अनुसार, अभियान की शुरुआत में राज्य में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता दर्ज थे। प्रारूप सूची के प्रकाशन के समय यह संख्या घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई थी। इसके बाद प्राप्त हुए दावों और आपत्तियों के निराकरण के उपरांत अंतिम सूची में 2 लाख 34 हजार 994 नए नाम जोड़े गए। निर्वाचन विभाग का मानना है कि इस शुद्धिकरण से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है, जिससे आगामी चुनावों में निष्पक्षता सुनिश्चित होगी।
निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अंतिम सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो वे फॉर्म 6 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही सूची में दर्ज जानकारी में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म 8 के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए प्रदेश के नागरिकों का आभार जताया है।