कोरबा। जिले के उरगा थाना अंतर्गत तरदा भारतमाला मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में स्कॉर्पियो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। कंपनी के काम से रायपुर से कोरबा डंपर शिफ्ट करने के दौरान यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी था। हादसे में घायल 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर भेजा गया है।
तीन साल पहले हुई थी मृतक की शादी हादसे का शिकार हुआ अरुण कुमार यादव पिछले दो वर्षों से रायपुर की कंपनी में काम कर रहा था। परिजनों के अनुसार अरुण की शादी को मात्र तीन साल हुए थे और उसका एक छोटा बच्चा भी है। वह अक्सर छुट्टियों में अपने गांव जाया करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं, जिनके पहुंचने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराते हुए अस्पताल भेजा गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।