सगाई के बाद मंगेतर की हत्या: मोबाइल में दूसरी युवती की फोटो बनी विवाद की वजह, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी होने वाली पत्नी ने ही कर दी। मोबाइल फोन में दूसरी लड़की के साथ फोटो देखने के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

ससुराल आया था युवक, सुबह मिला शव

जानकारी के अनुसार, विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार निवासी 20 वर्षीय सुनील आदिवासी की शादी खम्हरिया गांव की एक युवती से तय हुई थी। शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह बुधवार रात अपने होने वाले ससुराल पहुंचा था।

अगली सुबह गांव के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो गले और शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका गहराई।

पूछताछ में खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की मंगेतर से पूछताछ की। शुरुआत में युवती बयान बदलती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

मोबाइल की फोटो बनी मौत की वजह

पुलिस के मुताबिक, रात में युवती ने सुनील का मोबाइल देखा, जिसमें वह किसी अन्य लड़की के साथ फोटो में नजर आया। इसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में युवती ने घर में रखे बिजली के तार से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

नाबालिग आरोपी, किशोर न्यायालय में पेश

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी युवती नाबालिग है। उसे अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और किशोर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *