बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर में ‘नीले ड्रम’ का डर एक पति पर इस कदर हावी हुआ कि उसने अपनी गृहस्थी खुद अपने हाथों से उजाड़ दी। मामला कोतवाली देहात के दौलतगढ़ गांव का है, जहां राजकुमार नाम के शख्स की शादी कुछ साल पहले हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन सोशल मीडिया ने इस हंसते-खेलते परिवार में दरार डाल दी।
फोन में मिलीं अश्लील तस्वीरें और ‘मौत’ का संकेत
राजकुमार को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से चक्कर है। एक दिन जब उसने पत्नी का मोबाइल चेक किया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। फोन में न सिर्फ पत्नी और उसके प्रेमी की आपत्तिजनक तस्वीरें थीं, बल्कि एक ऐसी फोटो भी थी जिसने राजकुमार को भीतर तक डरा दिया। उस फोटो में ‘नीला ड्रम’ और ‘सीमेंट’ लिखा हुआ था।
क्या है ‘नीले ड्रम’ का रहस्य?
दरअसल, पिछले कुछ समय में यूपी में ऐसी कई आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जहां हत्या के बाद लाश को नीले प्लास्टिक के ड्रम में भरकर सीमेंट से फिक्स कर दिया गया। सोशल मीडिया पर इसे लेकर मीम्स और खबरें इतनी वायरल हुईं कि अब ‘नीला ड्रम’ खौफ का प्रतीक बन चुका है। राजकुमार को लगा कि उसकी पत्नी और प्रेमी उसे रास्ते से हटाकर ‘ड्रम’ में ठिकाने लगाने की साजिश रच रहे हैं।
मीडिएशन सेल में हुआ अनोखा फैसला
विवाद बढ़ते हुए जब पुलिस के मीडिएशन सेल तक पहुंचा, तो पत्नी ने साफ कह दिया कि वह प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। आम तौर पर ऐसे मामलों में हंगामा होता है, लेकिन राजकुमार ने बिना देर किए अपनी सहमति दे दी। उसने डर के मारे न सिर्फ पत्नी को विदा किया, बल्कि वहीं उसकी शादी प्रेमी से कराकर दोनों को साथ रहने भेज दिया।
बुलंदशहर के इस फैसले की अब पूरे इलाके में चर्चा है। लोग हैरान हैं कि कैसे एक ‘सोशल मीडिया ट्रेंड’ के डर ने एक पति को इतना मजबूर कर दिया कि उसने अपनी पत्नी का ही कन्यादान कर दिया।