भिलाई में पेप्सी कंपनी के सेल्स मैनेजर पर जानलेवा हमला, पार्टी के विवाद में लाठी-डंडों से पीटा

छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने पेप्सी कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर समेत चार लोगों पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडे, कुर्सी, ईंट और लात-घूंसे का इस्तेमाल किया। सिर पर डंडा लगते ही सेल्स मैनेजर जमीन पर गिर पड़े, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने हमला जारी रखा। पूरी घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

गोदाम के पास चल रही थी पार्टी, लाइट बंद करने पर भड़के आरोपी
जानकारी के मुताबिक, घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर की है। पेप्सी कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर रवि रंजन (42) अपने सहयोगियों के साथ भिलाई डिस्ट्रीब्यूटर अंकित यादव के गोदाम में कंपनी से जुड़े कार्यों पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान गोदाम के पास कुछ युवक पार्टी कर रहे थे, जहां शोर-शराबा और गाली-गलौज शुरू हो गई।

हंगामा बढ़ता देख रवि रंजन और उनके साथियों ने गोदाम परिसर के बाहर की लाइट बंद कर दी। इसी बात से नाराज़ होकर पार्टी कर रहे युवक उग्र हो गए और गाली-गलौज करने लगे।

डंडा-चाकू लेकर लौटे, जान से मारने की धमकी
कुछ समय बाद युवक दोबारा लौटे। इनमें से दो को मोनू और अभिषेक के नाम से पहचाना गया है। आरोप है कि वे डंडा और चाकू लेकर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने आसपास पड़े ईंट-पत्थरों से भी वार किए।

ऑफिस में घुसकर बचाई जान, दरवाजा तोड़ने की कोशिश
हमले से बचने के लिए पीड़ित जान बचाकर गोदाम से सटे ऑफिस में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बावजूद आरोपियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। इतना ही नहीं, बाहर खड़ी बोलेरो पिकअप का शीशा तोड़ दिया गया, दीपक शर्मा की बुलेट बाइक की वाइजर क्षतिग्रस्त कर दी गई और बाइक की चाबी निकाल ली गई। गोदाम के बाहर लगा बिजली मीटर भी तोड़ दिया गया।

पांच लोग घायल, पुलिस ने दर्ज किया केस
इस हमले में रवि रंजन, अंकित गुप्ता, दीपक शर्मा और अभिलाष पुरोहित घायल हुए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने मोनू, अभिषेक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और घटना की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *