सक्ती जिले के विभिन्न मार्गों पर किसानों का चक्का जाम: टोकन जारी होने के बाद भी धान न खरीदने पर भड़के अन्नदाता

सक्ती, 27 जनवरी 2026/ सक्ती जिला के विभिन्न मार्गों पर आज किसानों ने धान से भरे ट्रैक्टरों के साथ चक्का जाम कर दिया। टोकन जारी होने के बावजूद केंद्रों पर धान नहीं लिए जाने से नाराज किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 49, मालखरौदा रोड, छपोरा रोड और अकलतरा रोड पर अपने ट्रैक्टर खड़े कर विरोध प्रदर्शन किया।

किसानों के इस आंदोलन को समर्थन देने जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रश्मि गबेल मौके पर पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष मेनका जायसवाल और विधायक प्रतिनिधि गिरधर जायसवाल ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा अब सबके सामने आ गया है। अन्नदाता किसानों ने खून-पसीना बहाकर धान की पैदावार की, लेकिन सरकार ने पहले जानबूझकर सहकारी संस्थाओं में यूरिया और डीएपी की कमी पैदा की। किसानों ने जैसे-तैसे खुले बाजार से अधिक मूल्य पर खाद खरीदकर उत्पादन किया, लेकिन अब सरकार धान खरीदने में आनाकानी कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन खरीदी के आखिरी समय में निर्धारित मात्रा में 50 प्रतिशत की कटौती कर किसानों के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन इस किसान विरोधी नीति का पुरजोर विरोध करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *