फर्जी लिंक ने उड़ा दिए 95 हजार: SSB हवलदार साइबर ठगी का शिकार…

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक हवलदार को ठगों ने निशाना बनाया। फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चैतन्य सिटी निवासी SSB हवलदार अमित कुमार गुप्ता को नए क्रेडिट कार्ड जारी होने से जुड़ा एक संदेश मिला, जिसमें एक संदिग्ध लिंक था। संदेश को वास्तविक मानकर जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली और मोबाइल को हैक कर लिया। इसके बाद खाते से 95 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

पीड़ित हवलदार ने बताया कि संदेश क्रेडिट कार्ड से संबंधित होने के कारण उन्होंने लिंक पर भरोसा कर लिया, जो ठगों की साजिश निकली। शिकायत मिलते ही घमापुर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *