पीएम पोर्टल और जन शिकायत पोर्टल में फर्जी शिकायत कर उगाही

बैकुंठपुर/कोरिया। पीएम पोर्टल और जन शिकायत पोर्टल को हथियार बनाकर वसूली करने वाला एक संगठित गिरोह जिले में सक्रिय हो गया है। गिरोह के सदस्य किसी निर्दोष व्यक्ति, शासकीय अधिकारी या जनप्रतिनिधि के नाम से फर्जी शिकायत दर्ज कराते हैं और फिर शिकायत वापस लेने या दबाने के नाम पर मोटी रकम की मांग करते हैं।

सूत्रों के अनुसार, पहले पोर्टल पर गंभीर और बदनाम करने वाले आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिससे संबंधित व्यक्ति मानसिक दबाव में आ जाता है। इसके बाद फोन कॉल, मैसेज या बिचौलियों के जरिए सौदेबाजी शुरू होती है।
बताया जा रहा है कि आए दिन इस तरह की फर्जी शिकायतें दर्ज हो रही हैं, जिससे न सिर्फ आम लोग बल्कि सरकारी तंत्र भी परेशान है। शिकायत निवारण जैसी पवित्र व्यवस्था को बदनाम कर अवैध कमाई की जा रही है।

पीड़ितों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस फर्जीवाड़े में शामिल गिरोह की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में सत्यापन व्यवस्था और अधिक सख्त करने की भी जरूरत बताई जा रही है।

मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जांच शुरू किये जाने की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संगठित वसूली गिरोह पर कब और कैसी कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *