Exclusive- एसीएस सुब्रत साहू का बढ़ेगा कद

Exclusive

0 बनाए जा सकते है कृषि आयुक्त
0 मंत्री की नाराजगी से शहला निगार की होंगी छुट्टी!

हिमांशु पटेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार में पिछले एक साल से वनवास काट रहे एसीएस सुब्रत साहू का कद बढऩे जा रहा है। मंत्रालय सूत्रों के अनुसार एसीएस सुब्रत साहू को शीघ्र ही कृषि आयुक्त का दायित्व सौंपा जा सकता है। वर्तमान में सचिव स्तर की अधिकारी 2001 बैच के आईएएस शहला निगार को कृषि विभाग की सचिव एवं उत्पादन आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है। भूपेश सरकार में सुब्रत साहू गृह एवं जेल विभाग का और मु्ख्य सचिव के तौर पर उर्जा विभाग जैसे कई महत्तवपूर्ण पदो पर थे। जबकि वे वर्तमान में धार्मिक न्यास और महानिदेशक प्रशासनिक अकादमी जैसे पद पर अपना वनवास काट रहे है।
साय सरकार के कैबिनेट की तीसरी बैठक में 4 जनवरी 2024 को हुए आईएएस के तबादले में आईएएस शहला निगार को कृषि उत्पादन आयुक्त व सचिव कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, गन्ना आयुक्त का प्रभार सौपा गया था। लेकिन अब कृषि मंत्री राम विचार नेताम की नाराजगी के चलते विभाग से विदा किया जाना तय है। दरअसल साय सरकार में हाल ही में मुख्यमंत्री सचिवालय में सुबोध सिंह और मुकेश बंसल जैसे अधिकारियों की पदस्थापना करके प्रशासन में कसावट लाने की कोशिश प्रारंभ कर दी है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है सरकार को रिजल्ट देना है तो उन्हें योग्य अधिकारियो को अहम् जिम्मेदारी सौंपनी होंगी।
रमन कार्यकाल के भरोसेमंद अधिकारी,अब साय की कोर-टीम में……
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी नई कोर टीम तैयार कर ली है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय को मजबूत बनाने के लिए डेपुटेशन से लौटे दो अनुभवी अधिकारी सुबोध सिंह और मुकेश बंसल को अपनी टीम में शामिल किया है। इस तरह मुकेश बंसल के आने के बाद पी दयानंद, राहुल भगत और बसव राजू को मिलाकर 4 अफसर सीएम सेक्रेटरी के पद पर हैं। जबकि सुबोध सिंह प्रमुख सचिव बनाए गए हैं। बता दे सुबोध सिंह और मुकेश बंसल रमन कार्यकाल में भी सीएम सचिवालय में पदस्थ थे। साल 2009 में मुख्यमंत्री रहते हुए रमन सिंह ने सुबोध सिंह को अपने सचिवालय में सचिव के तौर पर पदस्थ किया। जबकि मुकेश बंसल 2017 से 2018 तक मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रहे। वहीँ कई तेज तर्रार अफसरों में शामिल अमित कटारिया, आईपीएस जीपी सिंह की भी वापसी के बाद प्रशासनिक कसावट देखने मिल सकता है।
आईएएस सुब्रत साहू को अब तक मिली अहम् जिम्मेदारी….
साय सरकार ने अपने कार्यकाल की पहली प्रशासनिक सर्जरी के बाद अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू को धार्मिक न्यास एंव धर्मस्व विभाग और महानिदेशक प्रशासनिक अकादमी निमोरा का दायित्व दिया गया था। ऐसे में नई प्रशासनिक सर्जरी में सुब्रत साहू का कद बढ़ कर उन्हें कृषि विभाग जैसे महत्त्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
साय की पहली बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में हटे थे सुब्रत साहू
20 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने अपने कार्यकाल की पहली प्रशासनिक सर्जरी की थी। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2006 बैच के अफसर पी. दयानंद को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया था। उन्हें चिकित्सा शिक्षा सेवा विभाग का अतिरिक्त सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है। आइएएस सुब्रत साहू अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री के पद से मुक्त कर दिया गया था। इसी तरह मुख्यमंत्री के अन्य सचिवों में आइएएस परदेशी सिद्धार्थ कोमल, आइएएस अंकित आनंद, आइएएस डा. एस. भारतीदासन और आइएएस डीडी सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय से हटा दिया गया था।
छत्तीसगढ़ में अब सचिवों की संख्या 50 से अधिक
छत्तीसगढ़ में अब सचिवों की संख्या 50 से अधिक हो गई है, और ऐसे में सभी को विभाग मिलना कठिन हो गया है। अगले महीने 10 और आईएएस अधिकारी सचिव पद पर पदोन्नत होंगे। पहले जहां सचिवों की संख्या कम थी, वहीं अब परफॉर्मेंस को महत्व दिया जाएगा और केवल परिणाम देने वाले अधिकारियों को विभाग मिलेंगे। साथ ही, कुछ सचिवों के ऊपर प्रमुख सचिव भी नियुक्त किए जा सकते हैं।

Related News