Gwalior Hanuman Janmotsav 2026 : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। शहर में निकाली गई भव्य ‘राम-हनुमान रथ यात्रा’ का मुस्लिम समाज के लोगों ने न केवल गर्मजोशी से स्वागत किया, बल्कि देर रात तक पुष्प वर्षा कर एकता का संदेश भी दिया। इस दौरान मुस्लिम बच्चों द्वारा बजाए गए ढोल और उत्साह ने इस धार्मिक आयोजन को सर्वधर्म समभाव के उत्सव में बदल दिया।
संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर (गोलपाड़ा) द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जन्मोत्सव के तीसरे दिन यह विशाल रथ यात्रा कोटेश्वर मंदिर से शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भगवान की आरती उतारकर और हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया। जैसे ही यह रथ यात्रा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों से गुजरी, वहां के निवासियों ने जगह-जगह मंच लगाकर भक्तों और झांकियों पर फूलों की बारिश की।
28 मुखी काली मसानी और बाहुबली हनुमान की झांकियां रहीं खास धार्मिक उल्लास से सराबोर इस यात्रा में इस बार कई विशेष आकर्षण शामिल थे। चरण सेवक जगबीर दास तोमर के मुताबिक, ग्वालियर की सड़कों पर पहली बार ’28 मुखी काली मसानी’ की भव्य झांकी निकाली गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके अलावा बाहुबली हनुमान, सिंदूरी हनुमान और वानर सेना की सजीव झांकियों ने भी भक्तों का मन मोह लिया।
कोटेश्वर से शुरू होकर किलागेट और अन्य प्रमुख मार्गों से होती हुई यह रथ यात्रा देर रात हजीरा स्थित इंटक मैदान पर संपन्न हुई। पूरे रास्ते में जिस तरह से हिंदू-मुस्लिम समुदायों ने मिलकर इस पर्व को मनाया, उसने ग्वालियर की गंगा-जमुनी तहजीब को एक बार फिर जीवंत कर दिया।