जिला परीक्षा महोत्सव पर विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों को दी शुभकामनाएँ
हमर लक्ष्य’ के सकारात्मक परिणाम पर जताया विश्वास
चारामा,
सावित्री मनोज मंडावी विधायक विधानसभा क्षेत्र भानुप्रतापपुर ने जिला परीक्षा महोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक परीक्षाएँ 20 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह परीक्षा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में सहायक सिद्ध होगी।
विधायक ने अपने संदेश में कहा कि कांकेर जिले में संचालित समस्त हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में परीक्षा सत्र 2025-26 के अंतर्गत “हमर लक्ष्य” कार्यक्रम के तहत किए गए सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम इस परीक्षा में अवश्य दिखाई देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पूर्ण आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और अनुशासन के साथ परीक्षा में शामिल हों।
उन्होंने कहा, “परीक्षा केवल ज्ञान का आकलन है, जीवन की अंतिम कसौटी नहीं। अपने परिश्रम पर विश्वास रखें और शांत मन से प्रश्नों का उत्तर दें। सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी।”
पालकों से आग्रह करते हुए विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने कहा कि वे अपने बच्चों को सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करें। उन पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाएँ और मानसिक रूप से सशक्त बनाएं।
सम्मानित शिक्षकों से भी उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि वे “हमर लक्ष्य” की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों का सतत मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करते रहें। परीक्षा अवधि में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि कांकेर जिले एवं भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और परिश्रम से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे। अंत में उन्होंने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पुनः शुभकामनाएँ दीं।