स्टेशन क्षेत्र में शाम 5 से रात 9 बजे तक हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

यात्रियों को जाम से राहत दिलाने के लिए 4 घंटे का विशेष यातायात प्रतिबंध लागू

रमेश गुप्ता रायपुर। शहर में जनसंख्या एवं वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से स्टेशन क्षेत्र, तेलघानी नाका और आसपास के व्यस्त इलाकों में हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही से प्रतिदिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों एवं स्थानीय रहवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इसी स्थिति को देखते हुए डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस आयुक्त रायपुर द्वारा जन सुरक्षा एवं यातायात के सुचारू संचालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। आदेशानुसार, स्टेशन क्षेत्र एवं तेलघानी नाका के आसपास शाम 5:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक (4 घंटे) छोटे एवं हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
क्यों लिया गया निर्णय?
केलकर पारा, तेलघानी नाका चौक, गंज मंडी, भैंसथान, नाहरपारा, अग्रसेन चौक, स्टेशन रोड, नर्मदा पारा सहित आसपास के क्षेत्रों में लगभग 300 गोदाम संचालकों द्वारा हल्के मालवाहक वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग की जाती है। शाम के समय वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण स्टेशन गेट नंबर 1 एवं 2, तेलघानी नाका चौक एवं अग्रसेन चौक पर जाम की गंभीर स्थिति बन जाती है।
जब तक गोदामों का शहर के बाहर विस्थापन नहीं हो जाता, तब तक यह अस्थायी यातायात प्रतिबंध जनहित में लागू रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध (शाम 5 से रात 9 बजे तक)
अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग – तेलघानी नाका चौक
राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक
फाफाडीह चौक – स्टेशन चौक – तेलघानी नाका चौक
चुना भट्टी से गुढ़ियारी अंडर ब्रिज, नर्मदा पारा होकर स्टेशन चौक निकास गेट तक
कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज एवं अंडर ब्रिज होकर तेलघानी नाका चौक
नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा की ओर
पहले से लागू भारी वाहनों पर प्रतिबंध
शहर के भीतर भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पहले से ही सुबह 5:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक प्रतिबंधित है। अब हल्के मालवाहक वाहनों पर भी व्यस्त समय में नियंत्रित प्रतिबंध लागू किया गया है।

……………….
यातायात डीएसपी गुरजीत सिंह ने शहर के व्यापारियों एवं गोदाम संचालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित समयावधि (शाम 5 से रात 9 बजे) में स्टेशन क्षेत्र के आसपास हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश न कराएं।
नागरिकों से भी अनुरोध है कि सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *