सुरों के एक युग का अंत; आशा भोसले के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा बॉलीवुड, शिवाजी पार्क में दी जाएगी अंतिम विदाई

मुंबई। भारतीय संगीत जगत की सबसे सुरीली आवाज और करोड़ों दिलों की धड़कन आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। 92 साल की उम्र में रविवार को उनके निधन के साथ ही भारतीय पार्श्व गायन का एक स्वर्णिम अध्याय समाप्त हो गया। सोमवार सुबह से ही मुंबई के लोअर परेल स्थित उनके आवास ‘कासा ग्रांडे’ पर संगीतकारों, फिल्मी सितारों और राजनेताओं का तांता लगा हुआ है। हर कोई अपनी प्रिय ‘आशा ताई’ को अंतिम नमन करने और उन्हें विदाई देने पहुँच रहा है।

अस्पताल में ली अंतिम सांस जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को सीने में संक्रमण (Chest Infection) की शिकायत के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने की खबर मिलते ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

अंतिम दर्शन के लिए पहुँचे दिग्गज आशा जी के पार्थिव शरीर को उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में संगीत सम्राट ए.आर. रहमान, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ, और अभिनेता जैकी श्रॉफ जैसे बड़े नाम शामिल हैं। घर के बाहर समर्थकों और चाहने वालों की भारी भीड़ जुटी हुई है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में किया जाएगा। शाम को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। संगीत की दुनिया में सात दशकों तक राज करने वाली आशा जी ने 20 से अधिक भाषाओं में हजारों गाने गाए, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल विरासत के रूप में रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *