श्रीगंगानगर में मुठभेड़: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर पुलिस की गोली से घायल, फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की ली थी सुपारी

श्रीगंगानगर: राजस्थान का श्रीगंगानगर जिला शुक्रवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खतरनाक शूटर आकाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया है। पकड़े गए बदमाश के पास से बिना नंबर की बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह शूटर मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने की सुपारी ले चुका था।

नाकेबंदी के दौरान पुलिस पर दागीं गोलियां मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात साधुवाली चेक पोस्ट पर पुलिस ने पंजाब की ओर से आ रही एक बिना नंबर की बाइक को रुकने का इशारा किया। बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। बचाव में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य शूटर आकाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है। आईजी ओम प्रकाश ने बताया कि 32 वर्षीय आकाश उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है।

विदेश से मिल रहे थे रोहित शेट्टी की रेकी के आदेश पूछताछ में सामने आया है कि आकाश सीधे तौर पर गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के संपर्क में था, जो विदेश में बैठकर पूरा गैंग चला रहा है। आकाश का काम बड़े नामों की रेकी करना और फायरिंग कर दहशत फैलाना था। सूत्रों का दावा है कि उसने अपने साथी शिवा गुर्जर के साथ मिलकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग का टास्क लिया था। शिवा गुर्जर को पहले ही जयपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जा चुका है।

स्थानीय बिजनेसमैन भी थे निशाने पर पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि आकाश श्रीगंगानगर में एक बड़े कारोबारी और स्थानीय गैंगस्टर की हत्या करने के इरादे से आया था। इससे पहले वह हरियाणा के सिरसा और राजस्थान के हनुमानगढ़ में भी कई लोगों की रेकी कर चुका था। शुरुआती जांच के अनुसार, जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई इन शूटर्स को सोशल मीडिया के जरिए टारगेट देता है और उन्हें हथियार व पैसे मुहैया कराए जाते हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *