दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, भाऊ गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सोमवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। बापरौला इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने भाऊ गैंग के दो सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। एनकाउंटर के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि बापरौला क्षेत्र में भाऊ गैंग के दो शूटर किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से आने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। जब बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने समर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें पकड़ लिया गया।

पकड़े गए बदमाशों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपियों में शामिल अतुल गुरुग्राम के एक शोरूम पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी है और काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, ये दोनों शूटर दिल्ली-एनसीआर में कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में गैंगवार और अवैध उगाही जैसी गतिविधियों पर लगाम लगने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *