मनेंद्रगढ़। जिला प्रशासन द्वारा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र मनेंद्रगढ़ के तत्वावधान में 23 मार्च 2026 को रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला रोजगार कार्यालय मनेंद्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से युवाओं को नौकरी के अवसर दिए जाएंगे।
इस प्लेसमेंट कैंप में गुरुग्राम की कंपनी परिशराम ह्यूमन रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मीटर इंस्टॉलेशन के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई उत्तीर्ण रखी गई है। चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और उनका कार्यक्षेत्र छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिले रहेंगे। इस प्रयास से जिले के तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को करियर बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। शिविर में भाग लेने के लिए आवेदकों को ई-रोजगार पोर्टल या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध सीजी रोजगार पंजीयन ऐप के माध्यम से पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही इस साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। जिला प्रशासन ने योग्य युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।