कोरिया 7 मार्च, 2026/ कोरिया जिला में कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपभोक्ताओं व ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
जिले के गदबदी, चरचा, सारा, बरदिया, छिंदिया, दामुज, सरभोका और नवाटोला सहित कई ग्रामों में आयोजित चावल उत्सव के दौरान रोजगार दिवस और आवास दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से संबंधित लंबित भुगतान और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी साझा की गई। साथ ही अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए अधिक श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को क्यूआर कोड स्कैन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई। इस तकनीक के माध्यम से ग्रामीण अब पंचायत में हुए मनरेगा कार्यों के साथ-साथ वीबीजीरामजी योजना के लाभों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
चावल उत्सव के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों की विशेष सहभागिता रही। उचित मूल्य के संचालकों ने कहा कि समय पर राशन देना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने राशन कार्ड उपभोक्ताओं से कहा कि समय-समय पर अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड अपडेट कराते रहें। तकनीक के उपयोग और योजनाओं की पारदर्शी जानकारी से ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।