रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन का काम पूरा हो चुका है। करीब 2.66 लाख कॉपियों की जांच के बाद अब नतीजों का इंतजार है, लेकिन इस बार मूल्यांकन केंद्रों से कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आईं हैं जिसने शिक्षकों को हैरान कर दिया है। छात्रों ने उत्तर पुस्तिका (Answer Sheet) में सवालों के जवाब लिखने के बजाय पास होने के लिए इमोशनल कार्ड और धार्मिक अपीलों का सहारा लिया है।
शादी का हवाला और हनुमान चालीसा का सहारा उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौरान शिक्षकों को एक कॉपी ऐसी मिली जिसमें छात्र ने पूरा ‘हनुमान चालीसा’ ही लिख दिया। छात्र ने नीचे नोट लिखा— “सर, अगर आप हनुमानजी के सच्चे भक्त हैं, तो कृपया मुझे पास कर दीजिए।”
वहीं, छात्राओं ने भावनात्मक अपील करते हुए अपनी शादी का वास्ता दिया है। एक छात्रा ने लिखा— “सर, मैं एक गरीब घर की बेटी हूं और मेरी शादी तय हो गई है। अगर मैं फेल हुई तो शादी टूट जाएगी, कृपया 33 नंबर देकर कन्या को आशीर्वाद दें।” एक अन्य छात्र ने अपनी मजबूरी बताते हुए लिखा कि वह ‘नीट’ (NEET) की तैयारी में इतना व्यस्त था कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी नहीं कर सका, इसलिए उसे पास कर दिया जाए।
2.66 लाख कॉपियों की जांच पूरी शिक्षा मंडल के अनुसार, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की कुल 2,66,173 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। हालांकि, विभाग का कहना है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कॉपियों में पैसों या ऐसी अजीबोगरीब अपीलों की संख्या में थोड़ी कमी आई है, फिर भी कुछ मामले चर्चा का विषय बने हुए हैं।
छात्राओं ने मारी बाजी, संख्या में लड़कों से आगे इस साल बोर्ड परीक्षाओं में 5.69 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। दिलचस्प बात यह है कि 10वीं और 12वीं, दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही। 10वीं में 3,23,687 और 12वीं में 2,46,862 छात्र पंजीकृत थे। हाईस्कूल में लड़कियों की संख्या लड़कों से 33,892 अधिक रही, जबकि 12वीं में यह अंतर 36 हजार से ज्यादा का रहा।