बस्तर में 11 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, सेवानिवृत्ति के दिन ही मिले पेंशन व ग्रेच्युटी आदेश

बस्तर। बस्तर जिला प्रशासन ने वर्ष के अंतिम दिन बुधवार 31 दिसंबर को कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में गरिमामय समारोह आयोजित कर विभिन्न विभागों में कार्यरत रहे 11 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी। कलेक्टर हरिस एस. के निर्देशानुसार प्रशासन ने संवेदनशीलता और सुशासन का परिचय देते हुए सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश, ग्रेच्युटी भुगतान आदेश और भविष्य निधि भुगतान आदेश प्रदान किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय सम्मान प्रदान किया। प्रशासन की तत्परता का परिचायक यह रहा कि विदाई समारोह के दौरान ही कर्मचारियों को उनके सभी वित्तीय भुगतान आदेश सौंप दिए गए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने सेवानिवृत्त सहयोगियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी ने शासकीय सेवा में अपने अनुभव और दक्षता से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भले ही आज आप शासकीय दायित्वों से मुक्त हो रहे हैं, लेकिन आपका अनुभव समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद भी सक्रिय रहने और अपने अनुभवों से समाज व नई पीढ़ी को लाभान्वित करने की अपील की तथा सभी के स्वस्थ, सुदीर्घ और खुशहाल जीवन की कामना की।

विदाई के दौरान त्वरित भुगतान और वरिष्ठ अधिकारियों से मिले सम्मान से सेवानिवृत्त शासकीय सेवक अभिभूत नजर आए। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि सेवा के अंतिम दिन ही पेंशन और ग्रेच्युटी के आदेश मिलना उनके लिए राहत और संतोष का विषय है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक ने पेंशनरों को मिलने वाले सभी हितलाभों की जानकारी दी और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सहायक कोषालय अधिकारी ममता ध्रुव, नरेंद्र सिंह नाग सहित कोषालय व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *