दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग: हवा में फेल हुआ इंजन और मच गई अफरा-तफरी, सुरक्षित बचाए गए 161 यात्री

नई दिल्ली। विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 579 के इंजन में शनिवार सुबह तकनीकी खराबी आने के बाद आईजीआई हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति (फुल इमरजेंसी) घोषित कर दी गई। विमान में सवार 161 यात्रियों की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई जब लैंडिंग से कुछ समय पहले विमान का नंबर-1 इंजन अचानक बंद हो गया और उसमें तेज कंपन महसूस किया गया।

विमानन नियामक डीजीसीए के अनुसार, यह बोइंग 737-800 विमान था जिसे इंडिगो ने लीज पर लिया था। सुबह करीब 10:50 बजे जब विमान दिल्ली के हवाई क्षेत्र में था, तब इंजन फेल होने के संकेत मिले। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत एटीसी को सूचित किया, जिसके बाद सुबह 10:53 बजे हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। रनवे नंबर 28 पर दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात कर दी गईं ताकि किसी भी अनहोनी से निपटा जा सके।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पायलटों ने कुशलता का परिचय देते हुए सुबह 10:54 बजे विमान को सुरक्षित टचडाउन कराया। इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि तकनीकी खराबी का पता चलते ही मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग का अनुरोध किया गया था। कंपनी ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। फिलहाल विमान को विस्तृत जांच और रखरखाव के लिए भेज दिया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इंजन फेल होने की स्थिति में विमान का संतुलन बिगड़ना और आग लगने का जोखिम सबसे अधिक होता है, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी टल गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *