धान खरीदी केंद्र में घुसा हाथी, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक धान खरीदी केंद्र उस वक्त हड़कंप का केंद्र बन गया, जब जंगल से भटककर एक दंतेल हाथी अचानक परिसर में पहुंच गया। हाथी केंद्र में रखे धान को खाने की मंशा से अंदर घुस आया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।

अचानक हाथी को सामने देखकर कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाकर और सामूहिक प्रयास से उसे वहां से भगाने की कोशिश की। गनीमत रही कि हाथी ने किसी पर हमला नहीं किया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कर्मचारी धान की सुरक्षा के लिए हाथी को खदेड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार हाथी जंगल से निकलकर धान खरीदी केंद्र तक पहुंच चुके हैं और धान को नुकसान पहुंचा चुके हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कई ग्रामीण रातभर जागकर निगरानी करने को मजबूर हैं।

मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से कर्मचारियों और ग्रामीणों की चिंता बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *