ऑनलाइन उपस्थिति का दिखा असर, समय पर कार्यालय पहुंचने लगे अधिकारी-कर्मचारी

आधारबेस अटेंडेंस से बढ़ी अनुशासनात्मक सख्ती

लापरवाह कर्मियों की मुश्किलें बढ़ीं

कोरिया, 07 जनवरी 2026/ प्रदेश के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों में 1 जनवरी 2026 से ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली (आधारबेस अटेंडेंस) लागू किए जाने का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। मंत्रालय एवं संचालनालय के साथ-साथ जिला स्तर के कार्यालयों में भी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने लगे हैं।

जिला कोरिया में भी आधारबेस उपस्थिति प्रणाली का प्रभाव साफ नजर आ रहा है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला प्रशासन में समय पालन को लेकर अनुशासन बढ़ा है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर त्रिपाठी स्वयं नियमित रूप से प्रातः 10 बजे से पूर्व कार्यालय पहुंचती हैं, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भी समय पर उपस्थिति दर्ज कराने की प्रवृत्ति विकसित हुई है।
कार्यालय पहुंचते ही अधिकारी-कर्मचारी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कार्यालय आने व कार्यालय से जाते समय आधारबेस अटेंडेंस दर्ज कर रहे हैं।

समय-सीमा की बैठकों में कलेक्टर द्वारा नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा की जा रही है। फील्ड ड्यूटी पर रहने वाले कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा रही है, वहीं लापरवाह कर्मियों की मुश्किलें बढ़ गई है।

कड़ाके की ठंड के बावजूद कलेक्ट्रेट व उससे लगे कार्यालयों में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति होने लगी है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नियमित रूप से समय पर कार्यालय आने औऱ आधारबेस अटेंडेंस लगाने वाले कर्मियों को जिलास्तर पर सम्मानित किया जाएगा, वहीं लगातार अनुपस्थित या विलंब से आने वाले कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

स./मानिकपुरी/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *