रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं बुधवार को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के एक-दो जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में सुबह और रात के समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। उत्तर प्रदेश और उसके आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।
पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अमरकंटक में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता भी कम हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।