रमेश गुप्ता भिलाई। दुर्ग पुलिस के रक्षित केन्द्र में पुलिस वाहन चालकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 12 फरवरी को रक्षित केन्द्र के प्रशासनिक भवन स्थित “दधीचि प्रशिक्षण हॉल” में आयोजित हुआ, जिसमें कुल 116 वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का आयोजन ओम नेत्रा केन्द्र/लेजर विजन रायपुर, स्पर्श अस्पताल भिलाई एवं पुलिस अस्पताल दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें पुलिस विभाग के नियमित वाहन चालक, फॉलो पायलट वाहन चालक तथा डायल-112 सेवा में कार्यरत चालक शामिल हुए।
नेत्र परीक्षण के साथ बी.पी. और शुगर की जांच
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सभी 116 चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। साथ ही रक्तचाप (बी.पी.) एवं शुगर की जांच भी की गई। शिविर में पुलिस अस्पताल दुर्ग के डॉ. डॉ. सुधीर गांगेय (एम.डी. मेडिसिन) सहित विशेषज्ञों ने आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष बल
चिकित्सकों ने चालकों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार लेने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि अनियमित दिनचर्या और तनाव के कारण बी.पी. एवं शुगर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे बचाव के लिए जागरूक रहना आवश्यक है।
सराहनीय समन्वय
शिविर के सफल आयोजन में रक्षित निरीक्षक दुर्ग, प्रभारी पुलिस अस्पताल दुर्ग तथा रक्षित केन्द्र स्टाफ की समन्वित एवं सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का प्रभावी निर्वहन कर सकें।