झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Bhilai News : भिलाई, छत्तीसगढ़। दुर्ग पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति की मां के इलाज का झांसा देकर उससे करीब 13 लाख रुपये के जेवर और नगदी पार कर दिए थे। मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज की अहम भूमिका रही है। इस अवसर पर छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा भी मौजूद थे।

मां के इलाज के नाम पर बुना धोखाधड़ी का जाल
मामले का विवरण कुछ इस प्रकार है कि 21 जनवरी 2026 को प्रार्थी संजय अठवानी (निवासी सिंधी कॉलोनी, दुर्ग) ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि कुछ दिनों पहले “राजू” नाम का एक व्यक्ति उसकी दुकान पर साइकिल देखने आया था और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में उसने फोन कर प्रार्थी की मां की खराब तबीयत का जिक्र किया और झाड़-फूंक व पूजा-पाठ से उन्हें पूरी तरह स्वस्थ करने का झांसा दिया।

नारियल और 1100 रुपये से शुरू हुई ठगी
धोखेबाजों ने पहले विश्वास जीतने के लिए 16 जनवरी को प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट बुलाया। वहां एक महिला साथी के साथ मिलकर देवी पूजा के नाम पर नारियल और 1100 रुपये लिए। इसके बाद उन्होंने प्रार्थी को डराया और कहा कि मां के गहने और नगद राशि मंदिर में रखने होंगे। 20 जनवरी को आरोपियों ने प्रार्थी को रेलवे स्टेशन पावर हाउस भिलाई के पास बुलाया और झांसे में लेकर 60 ग्राम सोने के कंगन (कीमत 5 लाख) और 8 लाख रुपये नगद ले लिए। जैसे ही माल हाथ लगा, आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

बाबूलाल (उम्र 45 वर्ष, निवासी जिला चित्रकूट, उ.प्र.)

गीता राय (निवासी जिला हाथरस, उ.प्र.)

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लगभग 8 लाख रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले का एक और आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

दुर्ग पुलिस की अपील
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के झांसे में न आएं। इस तरह की कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रिपोर्ट: रमेश गुप्ता

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *