दुर्ग: अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार वाहन जब्त

दुर्ग। वनमंडलाधिकारी दुर्ग वनमंडल के नेतृत्व में 23 और 24 फरवरी को अवैध काष्ठ परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के दौरान लकड़ी की तस्करी में शामिल चार वाहनों को जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वनमंडलाधिकारी दुर्ग के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल दुर्ग वृत्त तथा परिक्षेत्र सहायक भिलाई-03 की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर 23 और 24 फरवरी की सुबह 3 से 6 बजे के बीच विशेष रात्रि गश्त की।

गश्त के दौरान टीम ने अवैध रूप से लकड़ी ले जा रहे चार वाहनों को पकड़ा। वाहन क्रमांक सीजी-10 सी 3389, सीजी-08 एल 3736 और सीजी-04 एमएफ 6945 में कहुआ मिश्रित जलाऊ लकड़ी लदी पाई गई। वहीं वाहन क्रमांक सीजी-04 जेसी 9290 में कहुआ मिश्रित गोला परिवहन किया जा रहा था। इन सभी वाहनों को विधिवत जब्त कर पुलगांव और पाटन डिपो में जमा करा दिया गया है।

वन विभाग ने इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 79/11 और 91/3, 91/4, 91/5 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वनमंडलाधिकारी दुर्ग ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध काष्ठ परिवहन और तस्करी को रोकने के लिए सघन गश्त और कठोर दंडात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *