उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से दो दिव्यांगों को मिली स्कूटी, जीवन में लौटी नई रफ्तार…

रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की तत्परता और संवेदनशीलता से दो दिव्यांग लाभार्थियों को स्कूटी मिलने का सपना साकार हुआ। सोमवार को विधायक कार्यालय कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में बोड़ला विकासखंड के ग्राम मारियाटोला निवासी विद्याधा वर्मा और ग्राम नेऊरगांव निवासी भूपेंद्र चंद्रवंशी को स्कूटी की चाबी सौंपी गई। स्कूटी मिलने से दोनों लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को आसान करना है। स्कूटी मिलने से लाभार्थियों को आवागमन में सुविधा होगी और वे अपने कार्य स्वतंत्र रूप से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विजय शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। स्कूटी मिलने से लाभार्थियों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करने में सुविधा होगी, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कवर्धा गणेश तिवारी, बोडला नंद श्रीवास, नरेंद्र मानिकपुरी, मनीराम साहू, अमर कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्याधा वर्मा और भूपेंद्र चंद्रवंशी ने खुशी जाहिर करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। लाभार्थियों ने बताया कि उन्होंने स्कूटी के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि इस सहायता से उनके दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *