सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ गौरझामर थाना क्षेत्र के बजरिया मोहल्ले में आपसी विवाद और जमीनी रंजिश के चलते एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बजरिया मोहल्ले में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच लंबे समय से पुराना झगड़ा और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात करीब आधा दर्जन हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक पर हमला बोल दिया। पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की गई और फिर दरिंदगी की हदें पार करते हुए उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
वायरल वीडियो में सुनाई आपबीती
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मरने से पहले पीड़ित युवक ने एक वीडियो बनाकर अपनी पूरी आपबीती सुनाई। युवक ने आग की लपटों से जूझने के बाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन चेहरों और वजहों का खुलासा कर दिया था, जिन्होंने उसे इस हाल में पहुंचाया। मौत के बाद अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। गौरझामर थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को मुख्य साक्ष्य माना जा रहा है। वीडियो में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।